/hindi-betterindia/media/post_attachments/uploads/2022/02/zero-waste-recipe--1645770630.jpg)
सब्जियों को धोना, छीलना, काटना, बीज निकालना और फिर पकाना, इस प्रक्रिया में हम हर दिन अपके किचन से कितना वेस्ट निकालते हैं, क्या सोचा है कभी?
बाजार से लाई गई सब्जियां और फलों का ज्यादातर हिस्सा कचरे के डिब्बे में ही चला जाता है। हाँ, कई लोग कम्पोस्टिंग करके उस किचन वेस्ट का बेहतरीन इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हममें से ज्यादातर लोग ऐसा नहीं कर पाते। कितना अच्छा हो अगर हम इस वेस्ट को ही कम कर दें तो?
यकीन मानिए ऐसा करना बिल्कुल मुश्किल नहीं है। बल्कि इससे आप अपने परिवार को कुछ नए और पौष्टिक व्यंजन भी खिला पाएंगे। जीरो वेस्ट कुकिंग के कई तरिके हैं। आप अपने हिसाब और स्वाद के अनुसार कई प्रयोग कर सकते हैं। आपके काम को आसान बनाने के लिए हमने एक लिस्ट बनाई है।
1. केले के छिल्के के पकोड़े
/hindi-betterindia/media/media_files/uploads/2022/02/zero-waste-recipe-5-1645771040-1024x580.jpg)
केला कितना हेल्दी फल है, यह तो हम सब जानते हैं। लेकिन इसके छिल्के भी कम पोषक नहीं होते हैं। कच्चे केले की सब्जी बनाते समय हम इसके छिल्के निकालकर फेंक देते हैं, ऐसे में पोषण भी कचरे में ही चला जाता है। लेकिन इन्ही छिल्कों से आप शाम के नाश्ते के लिए बढ़ियां पकोड़े बना सकते हैं। केले के छिल्कों के साथ आप बचे हुए चावल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। केले के छिल्कों को छोटे टुकड़ों में काटकर चने का आटा और मसाले मिलाकर आप स्वादिष्ट पकोड़े एक बार जरूर बनाएं।
2. सब्जियों को छिल्के सहित पकाएं
/hindi-betterindia/media/media_files/uploads/2022/02/zero-waste-recipe-1-1645770939-1024x580.jpg)
आलू और खीरे जैसी सब्जियों के छिल्के, विटामिन और मिनरल से भरपूर होते हैं। तो अगली बार जब आप आलू या फ्रेंच फ्राइज़ बनाएं, तो आलू को अच्छी तरह से साफ़ करें और छिलकों के साथ ही पकाएं। अगर आप आलू के छिल्के निकाल रहे हैं, तो आप उसे भी अलग से भूनकर पकोड़े बना सकते हैं।
छिल्के वाली आलू की सब्जी तो कई लोगों की मनपसंद सब्जी भी होती है। अगर आपने अब तक नहीं बनाई, तो एक बार जरूर बनाएं, दूसरी बार से आप छिल्का निकालना भूल जाएंगे।
3. वेजिटेबल स्टॉक
गाजर, पत्तागोभी, बीट, प्याज आदि के छिल्कों, बीन्स या टमाटर के ऊपर का हिसा जैसी चीजों का इस्तेमाल आप होममेड वेजिटेबल स्टॉक बनाने में कर सकते हैं। कई ग्रेवी वाली सब्जियों या सूप बनाने में वेजिटेबल स्टॉक का इस्तेमाल किया जाता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। इन सबको साथ में पानी में उबालकर आप स्टॉक तैयार कर महीने भर तक फ्रिज में स्टोर भी कर सकते हैं।
/hindi-betterindia/media/media_files/uploads/2022/02/zero-waste-recipe-3-1645771087-1024x580.jpg)
4. तरबूज के छिल्के की सब्जी
तरबूज के मीठे लाल हिस्से को तो हम खा लेते हैं और उसके मोटे छिल्के को फेंक देते हैं। लेकिन अगर इन मोटे छिल्कों को काटकर सब्जी बनाएं, तो इनकी बहुत अच्छी सब्जी बनती है। जरा सोचिए इससे किचन वेस्ट कितना कम होगा और तरबूज के पूरे पैसे भी वसूल हो जाएंगे।
इसके लिए आपको छिल्कों को काटकर उबालना होगा, फिर आमचूर और गुड़ डालकर अच्छी खट्टी-मीठी सब्जी बनाएं।
5. खीरे या लौकी के छिल्के की चटनी
धनिया या पुदीने की चटनी तो आपने जरूर खाई होगी, लेकिन क्या कभी सब्जियों के छिल्कों की चटनी खाई है। अगर नहीं खाई, तो एक बार जरूर खीरे या लौकी के छिल्कों का इस्तेमाल चटनी बनाने में करें।
इसके लिए छिल्कों को अच्छे से धोकर, उसमें अदरक, हरी मिर्च, लहसुन, मूंगफली, नमक, थोड़ा नीबू का रस मिलाकर चटनी बनाएं। यह निश्चित रूप से आपको और आपके परिवारवालों को पसंद आएगी।
/hindi-betterindia/media/media_files/uploads/2022/02/zero-waste-recipe-4-1645771109-1024x580.jpg)
6. गोभी के डंठल का साग
अक्सर फूलगोभी के साथ उसकी मोटी डंडी भी आती है, जिसे हम सबसे पहले काटकर फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह कई पोषकतत्वों से भरपूर होती है। इसका इस्तेमाल आप बढिया साग बनाने में कर सकते हैं। डंठल को छोटा-छोटा काटें, इसे थोड़े तेल और लहसुन के साथ पकाएं। झटपट एक स्वादिष्ट सब्जी तैयार हो जाएगी, जो सबको पसंद भी जरूर आएगी।
7. आम की गुठलियों से मुखवास
गर्मियों में हम कई किलो आम खा जाते हैं, लेकिन कभी सोचा है इतनी सारी गुठलियां कहां जाती हैं? इन गुठलियों को फेकने के बजाय, आप इससे चटपटा मुखवास घर पर बना सकते हैं। इसके लिए गुठलियों के अंदर से छोटी गुठली तोड़कर निकाल लें। इसे नमक वाले पानी में 10 मिनिट तक पकने दें। पकने के बाद, इसे सुखा लें और फिर मनचाहे आकार में काटकर, चाट मसाला डालकर एक डिब्बे में भर दें।
/hindi-betterindia/media/media_files/uploads/2022/02/zero-waste-recipe-2-1645771176-1024x580.jpg)
8. हर्ब्स की डंडियों से बढ़ाएं व्यंजन का एरोमा
अक्सर हम धनिया, पुदीना, बेसिल जैसे हर्ब्स के पत्ते का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन इसकी डंडियों को फेंक देते हैं। जितना स्वाद और फ्लेवर इनके पत्तों में होता है, उतना ही इन डंडियों में भी होता है। आप इनको छोटा-छोटा काटकर अपनी किसी डिश में डालें, इससे आपकी डिश का स्वाद और बेहतर हो जाएगा।
इसके अलावा, आप संतरे और नींबू के छिल्कों को बायो-एन्ज़ाइम बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। जैसे-जैसे आप सोचना शुरू करेंगे, कई विकल्प अपने-आप मिलने लगेंगे और आप जीरो वेस्ट कुकिंग में माहिर बन जाएंगे। अपने प्रयोगों को हमसे शेयर करना न भूलें।
संपादनः अर्चना दुबे
यह भी पढ़ेंः अच्छी नींद के लिए डाइट में शामिल करें ये 10 चीजें