Site icon The Better India – Hindi

मुंबई वालों, क्या आपको पता है? आपके शहर के पास ही हैं, ये 10 शानदार वीकेंड डेस्टिनेशन

Mumbai weekend getaways

आजकल की लाइफस्टाइल में हर कोई चाहता है कि उसे घर बैठे-बैठे सब कुछ मिल जाए, लेकिन घूमने के लिए जगहें आपके घर तो नहीं आ सकती न?  इसके लिए आपको बाहर निकलना ही पड़ेगा। वैसे ऑफिस और घर के काम से कभी-कभी ब्रेक लेकर घूमना जरूरी भी होता है। ऐसे ब्रेक तन और मन दोनों को रिलेक्स करने का काम करते हैं। प्रकृति के पास रहना अपने आप में एक थेरेपी होती है।  

कई लोग छुट्टी न मिलने या किसी और बहाने से लम्बी ट्रिप पर नहीं जा पाते। ऐसे में एक या दो दिन की वीकेंड ट्रिप का आईडिया बेहद अच्छा साबित हो सकता है। हालांकि शहरों के आस-पास, ऐसी जगहें ढूंढना, जहां शांति और हरीयाली दोनों हो काफी मुश्किल काम है। लेकिन अगर आप मुंबई में रहते हैं, तो वीकेंड पर घूमने के लिए आपके पास काफी विकल्प मौजूद हैं। 

महानगरी मुंबई के अंदर और आस-पास आपको झरने, दरिया, पहाड़ सब कुछ देखने को मिल जाता है। दूर-दूर से लोग मुंबई के आस-पास की इन जगहों पर घूमने आते हैं। लेकिन इस लेख में आप ऐसी जगहों के बारे में जान सकते हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोगों को पता है।  मुंबई में रहनेवाली ट्रेवल युट्यूबर, नेहा छजलाने कहती हैं कि मुंबई के आसपास ऐसी बहुत सी जगहें हैं, जहां आप एक दिन की ट्रिप भी कर सकते हैं। सुबह जाकर शाम तक या रात तक वापस आ सकते हैं। 

  1. कर्जत, सोंडाई फोर्ट  (Karjat)

मुंबई के नजदीक स्थित (weekend getaway from mumbai), कर्जत एक खूबसूरत मानसून डेस्टिनेशन (monsoon destination) है, जो अपनी हरियाली,  नदियों और झरनों के लिए जाना जाता है। मुंबई से तक़रीबन 55 किमी दूर बसे इस छोटे से गांव में देखने के लिए कई जगहें हैं। इस जगह की सबसे खास बात यह है कि यहां आप मुंबई से एक लॉन्ग ड्राइव के लिए जा सकते हैं। साथ ही यहां कई अच्छे रिज़ॉर्ट्स मौजूद हैं, तो अगर आप चाहें तो वहां अपना वीकेंड गुजार सकते हैं।

कर्जत का सोंडाई फोर्ट भी बेहद खूबसूरत है, लेकिन वहां कम लोग ही जाते हैं। सोंडाई गांव से एक छोटी सी ट्रैकिंग करके आप इस फोर्ट तक पहुंच सकते हैं। अगर आप ट्रैकिंग के शौक़ीन हैं, तो एक बार कर्जत के इस सुंदर फोर्ट पर जरूर जाएं। आप मुंबई से कर्जत की ट्रेन भी ले सकते हैं।  

कर्जत, सोंडाई फोर्ट 

2. महाबलेश्वर, टपोला  (Mahabaleshwar)

महाबलेश्वर से 28 किमी दूर और मुंबई से तक़रीबन 270 किमी दूर स्थित टपोला का एक खूबसूरत पर्यटन स्थल (weekend getaway from mumbai) है। आमतौर पर लोग मुंबई से महाबलेश्वर जाते हैं।
लेकिन नेहा कहती हैं, “टपोला प्रदूषणरहित एक छोटा सा गांव है। जहां आप जंगल में ट्रैकिंग का मज़ा ले सकते हैं।” 
महाबलेश्वर से पास होने के कारण यह जगह धीरे-धीरे लोगों की पसंद बनती जा रही है। आप महाबलेश्वर में एक दिन रुककर स्ट्रॉबेरी का स्वाद चखने के बाद, टपोला का आनंद भी ले सकते हैं।  

कुछ होटल टपोला महाबलेश्वर के रस्ते में बने हैं। जहां आप एक या दो दिन रुककर आराम कर सकते हैं। वहीं, अगर आप चाहें तो टपोला में टेंट का मज़ा भी ले सकते हैं।  

3. डहाणू  (Dahanu)

मुंबई से करीबन 137 किमी दूर समुंदर किनारे बसा एक छोटा सा टाउन,  डहाणू बेहद ही शांत जगह है। जहां आप शनिवार-रविवार की छुट्टी के समय आराम से आ सकते हैं। चीकू के लिए मशहूर यह जगह, सी-फ़ूड खाने वालों को भी बेहद पसंद आएगी। यहां के डहाणू बीच और बोरड़ी बीच मुंबई के बीचों  के मुकाबले साफ और कम भीड़-भाड़ वाले हैं। डहाणू में आप बीच साइड रिज़ॉर्ट में रुककर अपने हफ्ते भर की थकान मिटा सकते हैं। लेकिन हां, यहां से लौटते समय चीकू लाना न भूलें। डहाणू जाने के लिए मुंबई से आपको ट्रेन आराम से मिल जाएगी। 

बोरड़ी बीच

4. कास पठार (Kaas Pathar)

मुंबई से तक़रीबन 280 किमी दूर बसी है महाराष्ट्र के फूलों की घाटी, जिसे लोग कास पठार के नाम से जानते हैं। इस घाटी में ट्रैक करने का अपना अलग ही मजा है। दूर तक फैले सुंदर-सुंदर रंग-बिरंगे फूल एक खूबसूरत चादर जैसे लगते हैं। यह एक रिजर्व फॉरेस्ट है, जिसकी जमीन पर 850 फूलों की प्रजातियां आपको देखने को मिलेंगी। 

हालांकि साल 2020 में आए कोरोना संकट ने इसकी यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन इस साल एक सितंबर से यह फिर से खुल चुका है। यहां जाने से पहले आप चाहें, तो ऑनलाइन बुकिंग भी करवा सकते हैं। इन फूलों के पठार को साल 2012 में यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता मिली थी। यह सतारा से लगभग 25 किमी दूर है।    

5.इगतपुरी (Igatpuri)

पश्चिमी घाट की गोद में बसा इगतपुरी, महाराष्ट्र राज्य का एक छोटा सा हिल स्टेशन है, जो माया नगरी मुंबई से तक़रीबन 121 किमी दूर बसा है।  

सह्याद्री पर्वतमाला से घिरा यह हिल स्टेशन ट्रैकर्स और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अच्छा वेकेशन स्पॉट है। धम्मगिरी, त्रिंगलवाड़ी किला, भाटसा नदी घाटी, कलसुबाई चोटी, आर्थर झील, अमृतेश्वर मंदिर, ऊंट घाटी यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।

मुंबई से इगतपुरी ड्राइव करने के दौरान आपको रास्ते में कई वॉटरफॉल भी मिलेंगे। वहीं, अगर आप ट्रेन से जा रहे हैं, तो मात्र दो घंटे में आप मुंबई से इगतपुरी पहुंच सकते हैं।  अगर आप मुंबई का समुद्र देखकर थक गए हैं, तो आपको यहां पहाड़ देखने जरूर जाना चाहिए। 

6. अलीबाग, रेवदंडा बीच (Alibag)

रेवदंडा बीच  और कास पठार

मुंबई से करीबन 109 किमी दूर,  बीच के किनारे बसा अलीगढ़ यूं तो आम आदमी के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर्स का भी पसंदीदा वीकेंड डेस्टिनेशन है। लेकिन अलीबाग से करीब 20 किलोमीटर दूर अलीबाग-मुरुद-जंजीरा मार्ग पर स्थित ”रेवदंडा बीच’ अपनी शांति के लिए जाना जाता है। यहां आप सुनहरी रेत और नीले समुद्र का आराम से मज़ा ले सकते हैं।  यहां एक बिड़ला गणेश मंदिर भी है। आप अपने परिवार के साथ पुरे दिन यहां के बीच में खेल खेल सकते हैं और रात को बीच साइड कैंपिंग का मज़ा भी ले सकते हैं। 

 7. सांधण वैली (Sandhan Valley)

सांधण वैली को महाराष्ट्र का ‘ग्रैंड केन्यन’ भी कहते हैं। यह सहयाद्री माउंटेन रेंज की खूबसूरत घाटियां हैं और ट्रैकिंग के लिए काफी फेमस हैं। यहां आपको 300 फीट ऊंची रॉक्स के बीच से होकर, नीचे पानी से होते हुए ट्रैकिंग पूरी करनी होती है। यहां घाटियों और रॉक्स का अच्छा कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है। हालांकि यह सामान्य ट्रैकिंग से थोड़ी अलग है।  यहां की पतली घाटी में ट्रैकिंग और रात को कैंपिंग करने का अपना अलग ही मज़ा है। चट्टानों से होते हुए आपको यह ट्रैकिंग पूरी करनी होती है। आप अपने दोस्तों के साथ इस तरह की रोमांचक छुट्टी पर जरूर जाएं। यह मुंबई से मात्र 183 किमी दूर है। यहां पहुंचने के लिए आप मुंबई से कसारा ट्रेन और वहां से ट्रैकिंग प्वॉइंट तक लोकल ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं।  

8. मालशेज घाट (Malshej Ghat)

मुंबई से सिर्फ127 किमी दूर बसा हिल स्टेशन मालशेज घाट,  अपनी कई झीलों, झरनों, पहाड़ों और हरे-भरे वनस्पतियों की वजह से प्रकृति प्रेमियों के बीच लोकप्रिय है। यह जगह मुंबई का फेमस वीकेंड स्पॉट माना जाता है। लेकिन अगर आप जुलाई से सितम्बर के बीच जाते हैं, तो आपको यहां पिंक फ्लेमिंगो (Pink Flamingos) देखने मिलते हैं। यहां एक-दो दिन रहकर आप प्रकृति की गोद में रहने का अनुभव ले सकते हैं। मालशेज घाट में आप हरिश्चंद्रगढ़ किला, मालशेज फॉल्स, खूबसूरत पिंपलगांव बांध और अजोबा हिलफोर्ट आदि देख सकते हैं।  

यहां तक पहुंचने के लिए मुंबई से कोई सीधी ट्रेन नहीं है। हालांकि मुंबई से यहां तक चार घंटे की ड्राइव और यहां की खूबसूरत घाटी आपके मन को तरोताज़ा कर सकती है। 

9. फ्लेमिंगो अभ्यारण्य (Flamingo Sanctuary)

मुंबई के पास ऐरोली में बना फ्लेमिंगो अभ्यारण्य बच्चों के साथ जाने के लिए बेहद अच्छी जगह हैं।  आप मुंबई (Mumbai) में कही भी रहते हों,  आप ऐरोली के लिए लोकल ट्रेन लेकर आराम से यहां पहुंच सकते हैं। इस पूरे इलाके को ईको-सेंसिटिव जोन की तरह विकसित किया गया है।  शहर के पास होते हुए भी यहां आपको जंगल जैसी शांति महसूस होगी। आप यहां बोटिंग के साथ-साथ पूरे अभ्यारण का लुत्फ उठा सकते हैं। 

यहां जाने के लिए आप फ़ोन से प्री-बुकिंग जरूर करा लें।  

फ्लेमिंगो अभ्यारण्य 

10. देवकुंड वॉटरफॉल्स (Devkund Waterfalls )

अगर आपको वॉटरफॉल्स देखना पसंद है, तो आप मुंबई के पास के देवकुंड जाने की प्लानिंग कर सकते हैं। यह वॉटरफॉल शहर की भीड़भाड़ से दूर है और यहां आने पर आपको पूरी तरह से रिलैक्स फील होगा।  देवकुंड की खासियत यह है कि यहां साल के 12 महीने पानी बहता रहता है और इसी वजह से पिकनिक मनाने या परिवार के साथ घूमने के लिए यह जगह पूरी तरह से सही है। अगर आप पहली बार देवकुंड का रुख कर रहे हैं, तो यहां लोकल गाइड की भी मदद ले सकते हैं।  यहां आने वाले बहुत से सैलानी एक या दो दिन के लिए स्टे करना भी पसंद करते हैं। मुंबई से 125 किमी दूर इस वॉटरफॉल तक पहुंचने के लिए आप बस और ट्रैन दोनों ले सकते हैं। 

11. लोनावला, शिवलिंग पॉइंट (Lonavala)

मुंबई वालों के सबसे मनपसंद जगहों में से एक लोनावला, सबके लिए परफेक्ट वीकेंड डेस्टिनेशन है। लेकिन यहां टाइगर प्वाइंट, लायन पॉइंट और लेक के बाद आपको लगता है कुछ और घूमने का नहीं तो आप एक बार शिवलिंग पॉइंट जरूर देखें।  नेहा का कहना है कि यहां लोनावला की बाकी जगहों के मुकाबले काफी कम भीड़ होती है। इसलिए आप यहां आराम से थोड़ा  समय बिता सकते हैं और यहां पहुंचने के बाद, प्याज भज्जी का लुत्फ भी उठा सकते हैं। 

तो अपने काम से एक या दो दिन की छुट्टी लें और परिवार, दोस्तों या अकेले ही एक छोटी सी ट्रिप जरूर प्लान करें।  अगर आपको इन जगहों पर कुछ नया और अनोखा दिखे, तो हमसे साझा करना न भूलें। आप ज्यादा  जानकारी के लिए नेहा के यूट्यूब चैनल को भी देख सकते हैं। 

संपादनः अर्चना दुबे

यह भी पढ़ें: दिल्ली वालों को भी नहीं पता होगा इन ख़ूबसूरत जगहों के बारे में; कर सकते हैं वीकेंड प्लान

यदि आपको इस कहानी से प्रेरणा मिली है, या आप अपने किसी अनुभव को हमारे साथ साझा करना चाहते हो, तो हमें hindi@thebetterindia.com पर लिखें, या Facebook और Twitter पर संपर्क करें।

Exit mobile version