Powered by

Home विशेष आम पर्यटकों की तरह एसिड अटैक फाइटर्स से मिलने पहुंचे हैरी पॉटर के अभिनेता!

आम पर्यटकों की तरह एसिड अटैक फाइटर्स से मिलने पहुंचे हैरी पॉटर के अभिनेता!

New Update
आम पर्यटकों की तरह एसिड अटैक फाइटर्स से मिलने पहुंचे हैरी पॉटर के अभिनेता!

कैफे शीरोज हैंगआउट में एसिड अटैक सर्वाइवर्स से मिलने हॉलीवुड अभिनेता जैसन आइजैक्स सोमवार को आगरा पहुंचे। अपनी पत्नी और बेटियों के साथ पहुंचे जैसन ने यहां एक घंटे से ज्यादा समय बिताया। शीरोज में काम करने वाली सर्वाइवर्स जब उन्हें पहचान नहीं पाईं तो वापस जाते वक्त खुद जैसन ने उन्हें परिचय दिया।  

जैसन, ताजमहल देखने के बाद अपने परिवार के साथ ऑटो में बैठकर शीरोज हैंगआउट पहुंचे। यहां की फ्लोर मैनेजर शीरोज रितु ने एक सामान्य पर्यटक की तरह उनका स्वागत किया। रितु ने ही उनका ऑर्डर लिया। जैसन ने रितु से कहा कि वह ताजमहल घूमते हुए काफी थक चुके हैं और बहुत भूखे हैं। जैसन ने शीरोज हैंगआउट में दाल-चावल खाए और बाद में कॉफ़ी पी। उन्होंने रितु को बताया कि भारतीय खाना उन्हें काफी पसंद है।

जब जैसन कैफे शीरोज हैंगआउट से जाने लगे तो उन्होंने रितु से पूछा कि क्या वो उन्हें पहचानती हैं? जब कैफे में कोई भी उन्हें पहचान नहीं पाया तो उन्होंने खुद बताया कि वह हॉलीवुड अभिनेता हैं और वह हैरी पॉटर में निभाए लूसियस मैलफॉय किरदार के लिये मशहूर हैं। इसके बाद उन्होंने शीरोज हैंगआउट में रितु के साथ सेल्फी भी लीं।

जैसन ने कैफे शीरोज हैंगआउट के लिये हैरी पॉटर एंड ऑर्डर ऑफ फीनिक्स नॉवेल भी गिफ्ट किया।

novel-hp

जैसन को एसिड अटैक के बारे में जानकारी एक डॉक्यूमेंट्री के जरिये मिली। जब उन्हें इस बारे में पता चला तो वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने शीरोज के जज्बे की तारीफ की और उन्हें साहसी बताया।

शीरोज हैंगआउट में रितु के साथ ली गई सेल्फी को उन्होंने डॉक्यूमेंट्री और शीरोज के वेबसाइट के लिंक के साथ ट्वीट भी किया।

उनकी पत्नी एमा हेविट ने कैफे शीरोज की विजिटर बुक में लिखा है – "बेहतरीन, इसे आगे बढ़ाते रहें। जैसन ने यह भी कहा कि आप हमसे ज्यादा खास हैं।"

मैंने हैरी पॉटर की शुरूआती फिल्म देखी है। मैं चश्मे वाले मुख्य किरदार (डैनियल रैडक्लिफ) और उसकी दोस्त (एमा वाटसन) को ही पहचानती हूं। अब मैं इस सीरीज की पूरी फिल्म देखूंगी। अगर हम जैसन को पहचान पाते तो और अच्छे से अपने अभियान के बारे में बता पाते। फिर भी जैसन का यह अनुभव काफी अच्छा रहा," - रितु, फ्लोर मैनेजर, शिरोज़।

यदि आपको इस कहानी से प्रेरणा मिली है या आप अपने किसी अनुभव को हमारे साथ बांटना चाहते हो तो हमें [email protected] पर लिखे, या Facebook और Twitter (@thebetterindia) पर संपर्क करे।