Site icon The Better India – Hindi

पांच दोस्तों का बनाया ECG डिवाइस ‘स्पंदन’, अब तक बचा चुका है 3000 जानें

Spandan
YouTube player

बड़ी से बड़ी बीमारी का अगर सही समय पर पता लगाया जाए, तो हम अपने अपनों की जान बचा सकते हैं। लेकिन हार्ट अटैक के मामलों में इसे मुमकिन बनाना बेहद मुश्किल था। दिल की धड़कन का पता लगाने के लिए हमें हॉस्पिटल जाना ही पड़ता था, ताकि ECG कराया जा सके। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए देहरादून के रजत जैन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर, एक ‘स्पंदन’ नाम की डिवाइस का आविष्कार किया है।

यह डिवाइस सही समय और साइज़ के कारण बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। साल 2016 में अपने एक दोस्त को हार्ट अटैक में खोने के बाद, उन्हें हार्ट रेट मापने वाली एक मशीन बनाने का ख्याल आया।  

करीबन, चार साल की रिसर्च और प्रयोग के बाद उन्होंने भारत में रहकर ही स्पंदन नाम की एक छोटी सी डिवाइस बनाई, जो मिनटों में दिल की धड़कन का पता लगा लेती है। यह मशीन दूर-दराज़ के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।  

अक्सर इन जगहों में ECG की सुविधा गांव से दूर किसी हॉस्पिटल में होती है। ऐसे में अस्पताल पहुंचते-पहुंचते कई लोग अपनी जान गवां देते हैं। रजत बताते हैं कि अगर सही समय पर पता लगा लिया जाए, तो मरीज़ को सीधा डॉक्टर तक पहुंचाकर हम कई जानें बचा सकते हैं।  

स्पंदन ने इसी तरह अब तक तीन हज़ार से ज्यादा लोगों की जान बचाई है। 

Rajat and his Team

शार्क टैंक से मिली देशभर में पहचान 

रजत अपने दोस्तों सौरभ, संबित, नितिन और अर्पित के साथ मिलकर Sunfox Technologies नाम की एक कंपनी चलाते हैं। पिछले साल अपने इस आविष्कार को लेकर वह शार्क टैंक इंडिया के मंच पर भी पहुंचे थे।  

रजत ने बताया कि शार्क टैंक इंडिया के मंच से उन्हें फंड के साथ-साथ देशभर में पहचान मिली। यहां इस मशीन की 99.7% सटीकता को देखकर सभी दंग रह गए थे। इस मशीन को इस्तेमाल करना भी काफी आसान है। 

कोई भी इंसान इसे एक ब्लड-प्रेशर मशीन की तरह ही इस्तेमाल कर सकता है। यह एक ऐप के ज़रिए काम करती है। स्पंदन का वज़न सिर्फ 12 ग्राम है। इसको आप अपने फ़ोन पर एक ऐप के ज़रिए कनेक्ट कर सकते हैं। Spandan ECG App  आपको गाइड करता है कि कैसे आपको टेस्ट पूरा करना है। 

यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ज़रिए काम करता है और आपको तुरंत बता देता है कि आपको डॉक्टर की सलाह लेने की ज़रूरत है या नहीं। यानी इसकी मदद से समय से डॉक्टर के पास पहुंचा जा सकता है।  

कोई भी आविष्कार तब तक सफल नहीं माना जाता, जब तक वह आम आदमी तक न पहुंच जाए। रजत और उनकी टीम इसी कोशिश में लगी है कि थर्मामीटर और ब्लड प्रेशर जांचने की मशीन की तरह, दिल का हाल बताने वाला यह डिवाइस स्पंदन घर-घर तक पहुचें।

इस आविष्कार के बारे में ज़्यादा जानने के लिए आप उन्हें sunfox.in पर संपर्क कर सकते हैं। 

संपादन- अर्चना दुबे

यह भी देखेंः पढ़ाई के साथ सफल बिज़नेस भी! B.Tech पानीपूरी वाली बना रहीं स्ट्रीट फ़ूड को हेल्दी

Exit mobile version