गार्डनिंग करने के लिए सबके अपने-अपने शौक होते हैं कोई सिर्फ फ्लोरल गार्डन लगाता है तो कोई सब्जी उगाता है। इसके साथ ही, कुछ लोग अपने गार्डन को इस तरह से तैयार करते हैं कि वहां बायोडाइवर्सिटी भी हो। मतलब गार्डन में तितली, चिड़ियाँ और अन्य कई तरह के छोटे जीवों को एक अनुकूल वातावरण मिले।
यह सब करना कोई मुश्किल काम नहीं है। पक्षियों के लिए जिस तरह अक्सर हम बर्डफीडर अपने गार्डन में लगा देते हैं वैसे ही हम तितलियों के अनुकूल भी अपने गार्डन को तैयार कर सकते हैं। अपने गार्डन को इन प्यारे जीवों के अनुकूल तैयार करना बहुत ही आसान है और इसके लिए आपको अलग से कोई खास खर्च करने भी ज़रूरत नहीं है।
आप अपने घर की पुरानी चीजों से ही बटरफ्लाई फीडर बना सकते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे आप #DIY बटरफ्लाई फीडर बना सकते हैं।
1. किसी पुरानी प्लेट से:
Sourceइसके लिए आपको कोई पुरानी प्लास्टिक की प्लेट, लटकाने के लिए धागा और कुछ रंग-बिरंगे मोती चाहिए।
- आप कोई भी पुरानी प्लेट लें और उसके किनारों पर सामान दूरी पर तीन छेद कर लें।
- छेद करने के लिए आप कोई चाकू या कैंची का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- अब इन छेदों में से धागा डालकर बांध लें और धागों को मोतियों से सजा सकते हैं!
- धागे की लम्बाई इतनी रखे कि यह आपके गार्डन में किसी पेड़ से लटक जाए और बहुत ज्यादा नीचे न हो।
- अब इसे किसी पेड़ से लटका दीजिए।
- नियमित तौर पर आप इसमें तितलियों के लिए खाना रख सकते हैं।
चिड़ियों की तरह तितलियाँ दाना नहीं चुगती बल्कि वे रस लेती हैं। इसलिए आप इस बटरफ्लाई फीडर में संतरे जैसे फलों के टुकड़े काटकर रख सकते हैं। या फिर गुड़ को मैश करके, उसमें हल्का सा पानी मिलाकर भी रख सकते हैं।
वीडियो यहाँ देखें:
2. पुराने जार या डिब्बे से:
क्या-क्या चाहिए:
- पुराना कांच या प्लास्टिक का डिब्बा, जिसका ढक्कन अच्छे से बंद होता हो
- धागा,
- रुई,
- रबर बैंड,
- पानी और शहद
- और अलग-अलग रंग-बिरंगे ताजा फूल।
प्रक्रिया:
- सबसे पहले आप डिब्बे के ढ़क्कन के बीच में एक छेद करें और इस छेद में से रुई का एक टुकड़ा बाती की तरह फंसा दें।
- अब सबसे पहले डिब्बे पर नीचे की तरफ से एक रबर बैंड चढ़ाएं। इस रबर बैंड से धागे को इस तरह बांधे कि डिब्बे को उल्टा लटकाया जा सके।
- अब बाकी डिब्बे पर भी थोड़ी-थोड़ी दूरी पर और रबर बैंड चढ़ाएं।
- अब पानी और शहद का घोल बनाएं और इसे डिब्बे में भर दें और इसका ढ़क्कन अच्छे से बंद कर दें।
- अब इस डिब्बे को किसी भी पेड़ की टहनी या फिर किसी और हुक आदि की मदद से उल्टा लटका दें।
- बाकी रबर बैंड में आप सभी फूलों को लगा दें।
- आपका बटर फ्लाई फीडर तैयार है।
फूलों से आकर्षित होकर तितलियाँ इस पर आएंगी और रुई की मदद से शहद-पानी के घोल का रसपान कर सकती हैं।
आप पूरा वीडियो यहाँ देख सकते हैं:
3. स्पंज फीडर:
इसके लिए आप किसी भी स्पंज की एक तरफ छेद कीजिये और इसे किसी धागे से बाँध दें। अब इस स्पंज को चीनी के घोल में डुबोकर किसी पेड़ की टहनी से लटका दीजिये। आप चाहें तो धागे में कुछ मोती आदि लगा सकते हैं या फिर कोई रंग-बिरंगी सजावट की चीजें जो तितलियों को इसकी ओर आकर्षित करें।
4. बटरफ्लाई पडलर:
इसे बनाने के लिए आप मिट्टी का बना कोई कसौरा ले सकते हैं। जिसे अक्सर घरों में पक्षियों के लिए पानी भरने के लिए इस्तेमाल करते हैं।
- इस कसौरे को आप किसी भी गमले को उल्टा करके इसे ऊपर रख लीजिये।
- इसमें थोड़ा रेत और नमक मिलाकर डालिए।
- अब इसमें छोटे-छोटे पत्थर डालिए, जिनपर तितलियाँ बैठ सकें।
- अब इसमें पानी डालिए, ध्यान रहे कि पानी बहुत ज्यादा नहीं होना चाहिए।
- सिर्फ उतना ही पानी हो जिसमें पत्थर आधे ही डूबें।
- आपका बटरफ्लाई पडलर तैयार है।
वीडियो आप यहाँ देख सकते हैं:
तो देर किस बात की है, आज ही अपने गार्डन के लिए बनाइये खूबसूरत बटरफ्लाई फीडर या पडलर और अपने दोस्तों के साथ साझा करें!