Powered by

Home हिंदी #DIY: नारियल के खोल से इस तरह बना सकते हैं गमले, बर्ड फीडर, मोमबत्ती और भी बहुत कुछ

#DIY: नारियल के खोल से इस तरह बना सकते हैं गमले, बर्ड फीडर, मोमबत्ती और भी बहुत कुछ

आपके गार्डन से लेकर विशेष कार्यक्रमों की सजावट तक, हर जगह कर सकते हैं नारियल के खोल का इस्तेमाल!

New Update
#DIY: नारियल के खोल से इस तरह बना सकते हैं गमले, बर्ड फीडर, मोमबत्ती और भी बहुत कुछ

हमारे यहाँ नारियल हर रूप में इस्तेमाल किया जाता है। कच्चे नारियल से हम पानी निकालते हैं तो वहीं पके नारियल से खाने के ढेर सारे आइटम बनाए जाते हैं। नारियल के खोल से भी बहुत सारी चीजें बनाई जाती हैं, इससे अलग-अलग डिजाइन के क्राफ्ट्स बनाए जाते हैं।
इसलिए यह कहा जाता है कि नारियल एक है, लेकिन इसके फायदे अनेक हैं।

आइए, आज हम आपको नारियल के खोल के कुछ ऐसे ही #DIY क्राफ्ट्स के बारे में बताते हैं।

सबसे पहले आपको नारियल के खोल (Coconut Shell) को बिना तोड़े अच्छे से खाली करना होगा। इसके लिए आप सबसे पहले नारियल से पानी निकाल लीजिये। फिर इस पर से निशान लगा लीजिये। फिर इसे किसी आरी या तेज धार चाक़ू से काटिए।

काटने के बाद आप चम्मच की मदद से धीरे-धीरे से अंदर से कच्चे नारियल को निकाल लीजिए। इस खोल को साफ़ करके आप तरह-तरह की चीजें बना सकते हैं।

1. गमले बनाइए (Coconut Shell Planters):

#DIY Coconut Shell Crafts
Hanging Planters (Source)

नारियल के हर एक रूप को पौधों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। आप कच्चे खोल को पौधे उगाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं तो वहीं यह सख्त खोल अच्छे प्लांटर का काम करता है। इसमें आप छोटे-छोटे पौधे लगा सकते हैं और यह आपके घर की रौनक बढ़ाएगा।

  • आप चाहें तो इससे हैंगिंग प्लांटर बना सकते हैं या फिर इसे किसी मेज या खिड़की पर रख सकते हैं।
  • सबसे पहले आप खोल को अच्छे से साफ़ करके, बाहर से पेंट कर लीजिये।
  • अगर आपको हैंगिंग प्लांटर बनाना है तो तीन रस्सी के टुकड़े लीजिये और एक सिरे से तीनों में गाँठ लगा दीजिए।
  • अब आप खोल को इन तीनों रस्सियों के बीच रखकर इस तरह से लटका दीजिए कि ये गिरे नहीं।
  • अब इसमें कोई भी फूलों के पौधे आप लगा सकते हैं।
#DIY Coconut Shell Crafts
Table Planter (Source)
  • अगर आपको हैंगिंग प्लांटर नहीं बनाना है तो आप इसे लटकने की बजाय किसी स्टैंड पर रख दीजिए और कोई छोटा पौधा इसमें लगा लीजिये।

2. बना सकते हैं खूबसूरत कटोरी (Coconut Shell Bowl):

publive-image
Coconut Shell Bowl (Source)
  • आप नारियल के खोल को कैंडी, चॉकलेट आदि रखने के लिए कटोरी की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इसके लिए आपको इसे बाहर और अंदर, दोनों तरफ से सजाना होगा।
  • सबसे पहले नारियल के खोल को अच्छे से साफ़ करें।
  • अब अपने मन पसंद रंग से इससे बाहर और अंदर, दोनों तरफ से पेंट करें।
  • आप बाहर की तरफ सजाने के लिए स्टोन, मिरर आदि भी चिपका सकते हैं।
  • अंदर की तरफ आप, रंगों से ही इस पर खूबसूरत कलाकृति बना सकते हैं।
  • इस तरह आपकी सुंदर और आकर्षक कटोरियाँ तैयार हो जाती है।

3. मोमबत्ती (Coconut Shell Candle) :

publive-image
Coconut Shell Candle (Source)
  • नारियल के खोल को आप मोमबत्ती के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • इसके लिए आप खोल को दो भागों में काटें।
  • एक हिस्से को साफ़ करके बाहर से पेंट कर लें।
  • दूसरे छोटे हिस्से को, दूसरी तरफ से भी काटें और इसे इस तरह बनाएं कि यह स्टैंड का काम करे।
  • अब आप एक बर्तन में पानी गर्म करें और इसमें एक कटोरी रखकर क्लियर मोम को पिघला लें।
  • आपने जो खोल का पहला हिस्सा रखा है, उसमें इस पिघले हुए मोम को डालें और बीच में धागा लगा दें।
  • मोम को सेटल होने दें और कुछ ही देर में आपकी #DIY मोमबत्ती तैयार है।

4. बर्ड फीडर (Bird Feeder):

publive-image
Coconut shell Bird Feeder (Source)
  • आप अपने गार्डन के लिए नारियल के खोल से बर्ड फीडर भी बना सकते हैं।
  • इसके लिए आप दो नारियल के खोल चाहिए। इन्हें अच्छे से साफ़ करें।
  • किसी नुकीली चीज़ से दोनों में तीन-तीन छेद करें।
  • अब रस्सियों की मदद से इन दोनों खोल को आपस में बाँध दें।
  • ऊपर वाले खोल में बीच में एक और छेद करें।
  • इस छेद में रस्सी डालकर एक गाँठ लगाएं और अब इसे अपने गार्डन में लटका दें।
  • नीचे वाले खोल को समय-समय पर दाने से भरते रहें।
  • आपका #DIY बर्ड फीडर तैयार है।

5. बर्ड हाउस (Bird House):

#DIY Coconut Shell Crafts
Bird House (Source)
  • नारियल के खोल से बर्ड हाउस बनाने के लिए ज़रूरी है कि आप इसे दो टुकड़ों में न काटें।
  • आप धीरे-धीरे इसके बीच में से एक टुकड़ा काटें।
  • इसके बाद आप इसे अच्छे से साफ़ करें।
  • चाहें तो आप इसे बाहर से पेंट कर सकते हैं।
  • ऊपर की तरफ से इसमें एक छेद करके इसे रस्सी से बांधें।
  • अपने गार्डन में या फिर छत पर लटका दें ताकि कोई भी पंछी इसमें अपना घोंसला बना सके।

6. ज्वेलरी बॉक्स (Jewellery Box)

publive-image
Jewelry Box (Source)
  • इसके लिए आप नारियल के खोल को इस तरह से दो टुकड़ों में काटें कि एक टुकड़ा थोड़ा बड़ा हो और दूसरा छोटा।
  • दोनों टुकड़ों को अच्छे से साफ़ कर लें।
  • आप इन्हें बाहर और अंदर से पेंट करके अलग-अलग चीजों से सजा सकते हैं।
  • जैसे आप मोतियों, शीशों, बटन आदि से इन पर कोई भी डिज़ाइन बना सकते हैं।
  • नीचे वाले हिस्से के तले में आप कोई ढक्कन या फिर कोई दूसरी फ्लैट चीज़ चिपका कर इसका स्टैंड बना लें।
  • ढक्कन वाले हिस्से को भी आप सजाकर, उसके ऊपर कुछ मोती आदि लगा दें ताकि इसे खोलना आसान रहे।
  • आपका ज्वेलरी बॉक्स तैयार है, जिसे आप कोई भी ज्वेलरी रखने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

7. डेकोरेशन के लिए (For Decor):

publive-image
For Decor (Source)

आप नारियल के खोल को डेकोरेशन के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

  • इसके लिए आपको बस खोल को अच्छे से सजाना है और इनमें छेद करके आप इन्हें हैंगिंग लुक दे सकते हैं।
  • आप खोल में छोटे-छोटे कई छेद करके इसे लैंप के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको बस इसके नीचे को मोमबत्ती जलानी है और जिस भी आकृति में आप इस खोल में छेद करेंगे, वह अँधेरे में उभर कर आएगी।

वीडियो यहाँ देखें:

अगर आप एक क्राफ्ट करेंगे तो और भी बहुत से आइडियाज आपको मिल जाएंगे। आप बस एक शुरुआत करें और इस लेख को अपने जानने वालों के साथ साझा करें।

कवरफोटो


यदि आपको इस कहानी से प्रेरणा मिली है, या आप अपने किसी अनुभव को हमारे साथ साझा करना चाहते हो, तो हमें [email protected] पर लिखें, या Facebook और Twitter पर संपर्क करें। आप हमें किसी भी प्रेरणात्मक ख़बर का वीडियो 7337854222 पर व्हाट्सएप कर सकते हैं।