Site icon The Better India – Hindi

Mosquito Repellent Plants, जो रखेंगे मच्छरों को आपसे दूर

अपने घरों में मच्छरों से निजात पाने के लिए हम सब क्या कुछ नहीं करते हैं। मच्छरों को भगाने वाले महंगे लिक्विड से लेकर क्वाइल तक, सभी घरों में कुछ न कुछ इस्तेमाल होता है। हालांकि, अब बहुत से लोग मच्छरों को भगाने के लिए भी प्रकृति के अनुकूल उत्पाद इस्तेमाल करने पर जोर दे रहे हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसा तरीका बता रहे हैं, जो प्रकृति के अनुकूल होने के साथ-साथ किफायती भी है। मच्छरों से निजात पाने के लिए आप अपने घर में ऐसे पेड़-पौधे लगा सकते हैं, जिनकी गंध से मच्छर दूर भागते हैं। 

बेंगलुरु में रहने वाली स्वाति द्विवेदी कहती हैं कि कई ऐसे पौधे हैं, जिनके पत्तों और फूलों की गंध मच्छरों को पसंद नहीं होती है। अगर ये पौधे घरों में लगे हों तो मच्छर कम आते हैं। उन्होंने कहा, “आप अपने घर की खिड़कियों, बालकनी या दरवाजों के पास इन पौधों को लगा सकते हैं। इनसे न सिर्फ मच्छर बल्कि और भी कई तरह के कीड़े-मकौड़े दूर भागते हैं। इस तरह से आपको मच्छरों से राहत पाने के लिए कोई हानिकारक उत्पाद इस्तेमाल नहीं करने पड़ेंगे।” 

आज हम आपको ऐसे ही कुछ पौधों के बारे में बता रहे हैं जिन्हें अपने घर में लगाकर आप मच्छरों से निजात पा सकते हैं। 

1. गेंदा:

Marigold

घरों में गेंदा उगाना बहुत ही आसान है। आप इसकी कोई भी किस्म लगा सकते हैं। गेंदे के पौधों को मिट्टी के गमलों,हैंगिंग प्लांटर और तो और पुरानी प्लास्टिक की बोतलों में भी लगाया जा सकता है। गेंदे के पौधे सभी मौसम में लगाए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए नवंबर से लेकर जनवरी तक का मौसम सबसे अच्छा है। क्योंकि, गेंदे का पौधा 15-30 डिग्री तापमान में तेजी से विकास करता है। सबसे अच्छी बात है कि आप गेंदे के इस्तेमाल किए हुए फूलों से भी गेंदे के नए पौधे लगा सकते हैं। 

अगर आपको घर में गेंदा का पौधा तैयार करना है, तो आप अच्छी किस्म के गेंदे के फूल को 2-3 दिनों तक धूप में सूखा लीजिए। इसके बाद, एक सेमी शेड वाले एरिया में गमले में या किसी अन्य कंटेनर में मिट्टी तैयार कर लीजिए। इससे पौधा 8-10 दिनों में तैयार हो जाता है। 

मच्छरों को भगाने के साथ-साथ गेंदा और अन्य हानिकारक कीटों को भी भगाता है जो फल-सब्जियों के पौधों को खराब करते हैं। इसलिए गेंदे के पौधे आप हमेशा अपने घर या गार्डन में लगा सकते हैं। 

2. तुलसी

Basil

औषधीय गुणों से भरपूर तुलसी खांसी, जुकाम, बुखार और भी कई तरह के रोगों में काम आती है। साथ ही, मच्छरों से बचाव में भी तुलसी काफी सहायक है। तुलसी की बहुत सी किस्में होती हैं जो आप अपने घर में लगा सकते हैं। वैसे तो तुलसी पूरे सालभर उगती है लेकिन इसे लगाने का सबसे अच्छा समय होता है बारिश का मौसम। जून-जुलाई के बाद जब बारिश शुरू होती है, तब इसके पौधे तैयार करने चाहिए। तापमान की बात करें तो अगर आपके इलाके का तापमान 20 से 30 डिग्री के बीच है तो आप तुलसी के पौधे लगा सकते हैं।

तुलसी लगाने के लिए आप इसके बीज या कटिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपने देखा होगा कि तुलसी जैसे-जैसे बढ़ती है तो इसमें ऊपर बहुत से बीज भी आते हैं। आप उन बीजों को ही ले सकते हैं और इन्हें हाथ में हल्का-सा रगड़ लें तो अंदर से छोटे-छोटे बीज निकल आयेंगे। इनसे ही आप तुलसी के पौधे लगा सकते हैं। 

तुलसी के पौधों को भी आप अपने घर में जरूरत के हिसाब से अलग-अलग जगह रख सकते हैं। लेकिन इन्हें ऐसी जगह रखें, जहां इन्हें दिन में थोड़ी-बहुत देर धूप भी मिले। 

3. लेमन ग्रास 

Lemon Grass

लेमन ग्रास में बहुत से औषधीय गुण होते हैं। इसलिए इसकी बाजार में भी काफी मांग है। इससे हर्बल टी बनाने के साथ-साथ, आप इसे अपने घर में मच्छरों को भगाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि आप इसे आसानी से अपने घर में, गमलों में उगा सकते हैं। अगर आपके यहाँ, एक गमले में भी लेमन ग्रास लगी है तो आप सालों-साल इसका लाभ ले सकते हैं। आप बाजार से खरीदी हुई लेमन ग्रास को भी, आसानी से अपने घर में लगा सकते हैं।

आप एक ही बार में तीन-चार अलग-अलग गमलों में लेमन ग्रास लगा सकते हैं। ताकि घर के अलग-अलग हिस्सों में इन्हें लगा सकें। 

4. रोज़मेरी

Rosemary

रोज़मेरी एक हर्ब है और यह ठंडी जलवायु में उगती है। इसलिए इसे बाहर या अपने किचन में न रखें, जहां उपकरणों और चूल्हे की गर्मी बहुत ज्यादा हो। इसके बजाय इसे अपने लिविंग रूम या बेडरूम में उगाएं क्योंकि यह अन्य जगहों की अपेक्षा ठंडे होते हैं। 

5. पुदीना 

Mint

पुदीना उगाना बहुत ही आसान है और यह मच्छरों को दूर रखने में भी कारगर है। साथ ही, यह ऐसा पौधा है जो बहुत जल्दी ग्रो करता है और आप एक बार लगाने के बाद इससे कई उपज ले सकते हैं।

आप पुदीना को कई अलग-अलग छोटे कंटेनर में लगाकर घर की खिड़कियों या बालकनी में लटका सकते हैं। ताकि यहां से मच्छर न आ सकें। इनके अलावा, आप अपने घर में लहसुन, प्याज, ऑरेगैनो, लैवेंडर, लैंटाना, जेरेनियम जैसे पौधे भी लगा सकते हैं। क्योंकि ये पौधे भी मच्छरों को दूर भगाने का काम करते हैं। 

तो देर किस बात की, अपने आसपास आसानी से उपलब्ध इन पौधों में से कोई न कोई पौधे उगाने की तैयारी शुरू कर दें। इस संबंध में आप स्वाति का यह वीडियो भी देख सकते हैं। 

हैप्पी गार्डनिंग। 

संपादन- जी एन झा

यह भी पढ़ें: अश्वगंधा! औषधीय गुणों से भरपूर इस पौधे को इस तरह लगाएं और बढ़ाएं इम्यूनिटी


यदि आपको इस कहानी से प्रेरणा मिली है, या आप अपने किसी अनुभव को हमारे साथ साझा करना चाहते हो, तो हमें hindi@thebetterindia.com पर लिखें, या Facebook और Twitter पर संपर्क करें।

Exit mobile version