सिर्फ सिर पर मसाज या खाना बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि नारियल तेल और भी कई जरूरतों को पूरा करता है। चेहरे से मेकअप हटाना हो या बगल की बदबू आपको परेशान करती हो, सब का इलाज है इस गुणकारी नारियल तेल के पास।
हम आपको ऐसे 12 फायदे बताने जा रहे हैं जिससे आप नारियल तेल को सिर्फ बालों की चंपी या ज़ायकेदार खाना बनाने में ही इस्तेमाल नहीं करेंगे बल्कि रोजमर्रा की कई आदतों में अपनाएंगे।
1. दांतो की मजबूती
क्यूं चौंक गए न? जी हाँ! नारियल तेल को अब आप माउथवॉश की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। एक चम्मच नारियल तेल को रोज सुबह ब्रश करने से पहले मुँह में डालकर 20 मिनट तक छोड़ दें। इस प्रकिया को ऑयल पूलिंग कहा जाता है। पहली बार ऐसा करने में अज़ीब लगेगा लेकिन इससे आपके दांत पीले से सफेद हो जाएंगे। साथ ही, ये सांसों को ताजा भी कर देगा। इसके अलावा आपके दांत और मसूड़े भी मजबूत हो जाएंगे और कीड़े लगने की समस्या भी दूर हो जाएगी।
2. त्वचा की जलन से मिलेगी मुक्ति
नारियल तेल को ठंडा करके लगाने से जलन और खुजली से राहत मिलती है। साथ ही, रूखी और परतदार त्वचा के लिए ये औषधि की तरह काम करता है। इसके एंटी बैक्टीरियल गुणों से आपकी त्वचा मुलायम रहती है। अगर कभी सूजन या जलन की समस्या आई तो इसे तब तक लगा कर छोड़ दें जब तक ये सूख न जाए।
3. त्वचा की नमी रहेगी बरकरार
क्या आप सर्दियों में रूखी-सूखी त्वचा से परेशान रहते हैं? आपकी त्वचा पर फटी लकीरें दिखाई देती हैं? आपको इससे छुटकारा पाने के लिए सिर्फ करनी है थोड़ी सी मेहनत। रोज रात को सोने से पहले शरीर में नारियल तेल की मालिश से आप आसानी से इस परेशानी से बाहर निकल सकते हैं। लेकिन, याद रहे आप इसे रोज़ करें।
4. नारियल तेल करता है मरहम का काम
अगर आपको कोई छोटा-मोटा घाव भरना है और हल्दी की जलन आपसे सहन नहीं होती तो नारियल तेल एक अच्छा विकल्प है। ये हल्दी की तरह असरदार तो नहीं होगा, पर धीरे-धीरे जरूर आपके घावों को भर देगा।
5. एक प्राकृतिक सुगंध
क्या आप जानते हैं कि पसीने की कोई बदबू नहीं होती, असल में वो शरीर में मौजूद बैक्टिरिया होतें हैं जो शरीर से आने वाले दुर्गंध का कारण बनते हैं। ऐसे में जब नारियल तेल एक एंटी-बैक्टीरियल तत्व है, तो पसीना आने वाली जगहों पर इसके रोज़ाना इस्तेमाल से आपको जरूर फर्क नजर आएगा। ये एक प्राकृतिक डिओडोरेंट का काम करता है, जिससे संवेदनशील जगहों पर नमी बरकरार रहती है वो भी बिना बदबू फैलाए।
6. छालों का करता है इलाज
कभी-कभी हाथ पैर में छाले पड़ जाते हैं और एक सफेद पपड़ी की परत सी बैठ जाती है। ऐसे में नारियल तेल की हल्की मालिश काफी फायदेमंद साबित होती है।
7. होंठों की मुस्कान बरकरार रखें
फटे होंठ हो या होंठों की नमी वापस लानी हो, नारियल तेल के इस्तेमाल से ये सारी चिंताएं दूर रहेंगी। मुलायम होठ पाने के लिए उंगलियों में नारियल तेल लेकर होंठों पर हल्के से मालिश करें। कुछ ही दिन में आपके होंठ सॉफ्ट हो जाएंगे।
8. मेकअप रिमूवर
मेकअप हटाते वक्त इस बात का ध्यान रहे कि आप इसे नैचुरल तरीके से ही हटाएं। नारियल तेल (जो सर्दी के मौसम में भी जमे नहीं) उसको रुईं में डूबो कर अच्छे से मेकअप हटाएं। आंखों के पास हल्के हाथों से इसे धीरे-धीरे हटाएं। फिर साफ और ठंडे पानी से धो कर चेहरे को पोंछ लें।
9. शेव करते वक्त करें इस्तेमाल
शेविंग के बाद अक्सर त्वचा पर छोटे लाल दाने आ जाते हैं या जलन महसूस होती है। शेव करने के बाद नारियल तेल को 15 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके बाद आप या तो इसे धो सकते हैं या फिर नमी बरकरार रखने के लिए ऐसे ही छोड़ सकते हैं। ये एक मॉइस्चराइजरिंग बाम की तरह काम करेगा।
10. दाग-धब्बों से छुटकारा
फर्नीचर या कार्पेट पर लगे दाग हटाने के लिए नारियल तेल को बेकिंग सोडा के साथ मिलाएं। इसके बाद कॉटन के सफेद कपड़े से जिस जगह पर दाग है वहां लगाएं। 10 मिनट बाद इसे पोंछ लें।
11.जूँओं को कहें बाय-बाय
नारियल तेल को हल्का गर्म करें। पहले बाल धो कर सूखा लें। इसके बाद हल्के हाथों से बालों की जड़ों पर तेल लगाएं। इसके बाद स्विमिंग कैप या शावर कैप पहन कर बालों को कस लें। पतली कंघी का धीरे-धीरे इस्तेमाल करें। इससे आपको जूँओं की समस्या से निदान मिलेगा।
12. नारियल तेल से बनाएं बॉडी स्क्रब
दो चम्मच नारियल तेल में एक चम्मच कॉफी बीज का चूर्ण मिलाएं। इसमें एक चम्मच भूरी चीनी मिलाकर स्क्रब तैयार कर लें। आप इसे चेहरे पर भी लगा सकते हैं। बाद में इसे ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से धो लें।
संपादन – मानबी कटोच