ताज होटल की बेमिसाल विरासत व इतिहास की कहानी

भारत में ऐसी कई इमारतें हैं, जो इतना भव्य इतिहास लिए खड़ी हैं कि उनकी कहानियां जानना ज़रूरी हो जाता है। मुंबई में ‘गेटवे ऑफ़ इंडिया’ के सामने बना ‘ताज महल पैलेस’ ऐसी ही एक विशाल इमारत है।

लगभग 120 साल पहले, 16 दिसंबर 1903 को 17 मेहमानों के लिए खुला ‘ताज महल पैलेस’ टाटा ग्रुप के फ़ाउंडर जमशेदजी टाटा का सपना था।

आर्किटेक्ट सीताराम खांडेराव वैद्य और डीएन मिर्जा ने होटल का डिजाइन बनाया। सीताराम की मृत्यु के बाद अंग्रेज़ आर्किटेक्ट डब्ल्यू ए चैंबर्स ने इसे पूरा करवाया था।

यह होटल दो अलग-अलग इमारतों से बना है- ताजमहल पैलेस और टावर। ताज महल पैलेस बीसवीं शताब्दी की शुरुआत में बनाया गया था, जबकि टावर 1973 में खोला गया।

होटल का नाम आगरा शहर में स्थित विश्व धरोहर ‘ताजमहल’ के नाम पर रखा गया है।

शुरुआत में ताज महल पैलेस में सिंगल रूम का किराया दस रुपए और पंखे व अटैच्ड बाथरूम वाले कमरों का किराया ‌‌‌13 रुपए हुआ करता था।

जमशेदजी इस होटल में आए लोगों को उस समय की सबसे आधुनिक व सर्वश्रेष्ठ सेवाएं देना चाहते थे। 20वीं सदी की शुरुआत में ही होटल का ख़ुद का इलेक्ट्रिक पावर प्लांट, रूम को ठंडा रखने के लिए कूलिंग मशीन जैसी कई सुविधाएं थी।

होटल के शुरूआती दिनों में भारतीय महाराजा और राजकुमार यहां के पक्के मेहमान बन गए थे, उनके लिए यह ‘दूसरे घर’ जैसा था।

यही नहीं, इतिहास की महत्वपूर्ण लड़ाइयों में भी होटल ने आगे बढ़कर लोगों को अपने यहां जगह दी। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान इस पांच सितारा होटल को 600 बेड के अस्पताल में बदला गया था।

आज़ादी की लड़ाई के वक़्त भी इस होटल ने कई उतार-चढ़ाव देखे। मोहम्मद अली जिन्नाह, सरोजिनी नायडू, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे बड़े स्वतंत्रता सेनानियों का यहां आना-जाना लगा रहता था।

लॉर्ड माउंटबेटन ने ताजमहल पैलेस में अपना विदाई भाषण दिया था।