रजनीगंधा की खुशबू से महकेगा आपका घर, इस तरह लगाएं इसका पौधा
खुशबूदार फूलों की बात हो और रजनीगंधा का नाम न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। इस फूल को इसकी खुशबू के लिए कई तरीकों से इस्तेमाल किया जाता है।
पटना में गार्डनिंग करनेवाली रिंकी सिंह ने बताया है कि रजनीगंधा को उगाने का सबसे आसान तरीका क्या है…
रिंकी कहती हैं कि ट्यूबरोज़ या रजनीगंधा की बनावट के आधार पर इसकी मुख्य 2 किस्में पाई जाती हैं। दोनों ही किस्मों में सफ़ेद रंग के खुशबूदार और सुन्दर फूल खिलते हैं,
इसे आप अपनी पसंद के अनुसार अपने घर में गमले या ग्रो बैग में उगा सकते हैं।
आप रजनीगंधा बल्ब्स किसी नर्सरी या फिर ऑनलाइन स्टोर से खरीद लें। इसे सीधे ही मिट्टी में गाड़ देने से भी आपका पौधा 8 दिनों के अंदर उगने लगेगा।
इसे उगाने के लिए 20℃- 35℃ के बीच तापमान और सूरज की अच्छी रोशनी की ज़रूरत होती है।
मिट्टी तैयार करने के लिए 60% गार्डन की मिट्टी लें, इसमें 40% कोकोपीट, कम्पोस्ट खाद और रेत मिलाएं।
रजनीगंधा का पौधा लगाने के लिए कम से कम 8 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग सही होता है।
इसके कंद (बल्ब) को मिट्टी में 3-4 इंच की गहराई पर लगाएं और ध्यान रखें कि कंद का नुकीला सिरा ऊपर की ओर हो।
आप गमले में 2-3 पौधे एक साथ लगा सकते हैं, अगर आप गार्डन में ज़मीन पर रजनीगंधा उगा रहे हैं, तो पौधे को एक दूसरे से कम से कम 6 इंच की दूरी पर लगाएं।
आप इसके पौधों में गोबर की खाद का इस्तेमाल समय-समय पर कर सकते हैं।
रिंकी का कहना है कि इसे लगाने का सबसे अच्छा समय मार्च-अप्रैल होता है। ऐसा करने से मानसून में इसमें अच्छे फूल आने लगते हैं। लेकिन इसे मानसून में भी उगाया जा सकता है।